सैथवार मल्ल महासभा का शक्ति प्रदर्शन: राजनीतिक भागीदारी को लेकर समाज ने बुलंद की आवाज, 2027 के चुनाव में निर्णायक भूमिका का ऐलान

Daktimes News- हाटा (कुशीनगर)। सैथवार मल्ल महासभा के तत्वावधान में हाटा विधानसभा क्षेत्र के एक संस्थान में आयोजित “सैथवार मल्ल क्षेत्रीय विकास एवं सांस्कृतिक महोत्सव” समाज की एकता, संगठन और राजनीतिक चेतना का बड़ा मंच बनकर उभरा। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों तथा समाज के हजारों ग्रामीणों ने भाग लिया। पूरे आयोजन में सामाजिक एकता, आर्थिक सशक्तिकरण, शिक्षा और राजनीतिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सैथवार मल्ल महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गंगा सिंह सैथवार ने कहा कि समाज की जनसंख्या पर्याप्त होने के बावजूद उसे राजनीतिक प्रतिनिधित्व में अपेक्षित स्थान नहीं मिल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दल लगातार समाज की उपेक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समाज संगठित हो जाए तो पूर्वांचल की राजनीति की दिशा बदल सकता है। उन्होंने विशेष रूप से कुशीनगर जनपद की सातों विधानसभा सीटों का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकांश क्षेत्रों में सैथवार समाज की अच्छी संख्या होने के बावजूद आज तक समाज का एक भी विधायक नहीं बन सका। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए समाज से आह्वान किया कि जिस भी राजनीतिक दल द्वारा समाज को सम्मानजनक भागीदारी और टिकट दिया जाएगा, समाज पूरी एकजुटता के साथ उसका समर्थन करेगा और अपने प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने संबोधन में समाज को “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का संदेश देते हुए संगठन के विस्तार पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता ही राजनीतिक और आर्थिक सशक्तिकरण का सबसे मजबूत आधार है। कार्यक्रम में सर्वसम्मति से यह संकल्प भी लिया गया कि भविष्य में समाज अपने अधिकारों और सम्मान की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से पूरी मजबूती के साथ लड़ेगा तथा राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए संगठित अभियान चलाएगा। कार्यक्रम का संचालन राजकुमार सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता ई.आर.ए. सिंह ने की। आयोजन के संरक्षक राम सिंह रहे। इस अवसर पर इंजीनियर मनोज कुमार मल्ल, अनिरुद्ध सिंह, बड़े राम प्रसन सिंह, लल्लन मल्ल, पूर्व प्रधान संघ के प्रदीप सिंह, संजय सिंह, अनिल सिंह, हाटा चेयरमैन रामानंद सिंह, जनार्दन सिंह, रामशीन सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।