Daktimes News कप्तानगंज। पृथ्वी दिवस के अवसर पर कप्तानगंज स्थित जेपी फार्मेसी कॉलेज के सभागार में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ ही वृक्षारोपण कर हरित पृथ्वी का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात छात्राओं ने माँ सरस्वती की वंदना प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि वन दरोगा वीके सिंह, विशिष्ट अतिथि डॉ. रीना सिंह, ज्ञानवर्धन गोविन्द राव तथा संस्था के संरक्षक श्रीराम प्रसाद उपस्थित रहे। गोष्ठी के दौरान डॉ. रोहित कुशवाहा और डॉ. आशीफ अंसारी ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से प्रदूषण मुक्त और स्वच्छ पृथ्वी के निर्माण पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की सबसे बड़ी पूंजी उसका वन क्षेत्र होता है, लेकिन
वर्तमान समय में जंगलों और वन्य जीवों की संख्या में लगातार कमी आ रही है, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से वृक्षों की कटाई पर रोक लगाने और जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनने की अपील की। ज्ञानवर्धन गोविन्द राव ने अपने संबोधन में प्लास्टिक को पृथ्वी का सबसे बड़ा शत्रु बताते हुए कहा कि यह लंबे समय तक भूमि में बना रहता है और मृदा प्रदूषण का मुख्य कारण बनता है। उन्होंने माइक्रोप्लास्टिक के खतरे को भी उजागर करते हुए इसे मानव स्वास्थ्य के लिए घातक बताया। डॉ. रीना सिंह ने पर्यावरण संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम के अंत में संस्था के संरक्षक श्रीराम प्रसाद ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चन्दन कुमार गौड़ ने किया। इस अवसर पर विश्वम्भर प्रसाद, अभिषेक कुमार, रामदरश शर्मा, प्रेमनारायण पाण्डेय, इरफान अंसारी, सुरेंद्र गौड़, आशुतोष मिश्रा, मेहताब आलम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





