डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर):
अजर-अमर, अतुलित बलधाम, भक्तों के संकट हरने वाले परम बलशाली श्री हनुमान जी के प्राकट्योत्सव पर नगर भक्तिरस में पूरी तरह डूब गया। महाबली बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा और श्रद्धालुओं की आस्था अपने चरम पर दिखाई दी। गुरुवार को कप्तानगंज नगर के आजाद चौक स्थित हनुमान मंदिर पर प्राकट्योत्सव बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और विधि-विधान के साथ मनाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच मंदिर परिसर में विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। इसके साथ ही भक्तों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ कर संकटमोचन से सुख-समृद्धि और कष्टों के निवारण की प्रार्थना की। मंदिर के महंत पंजाबी बाबा द्वारा पारंपरिक रीति से पूजा संपन्न कराई गई।
कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला, जहां हर कोई बजरंगबली के गुणगान में लीन नजर आया। “जय श्री राम” और “बोलो पवनसुत हनुमान की जय” के उद्घोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। शाम होते ही हनुमान भक्त व समाजसेवी आकाश मोदी एवं उनके सहयोगियों द्वारा मंदिर के समक्ष विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। भक्ति और सेवा का यह अद्भुत संगम देर रात तक चलता रहा। इस अवसर पर रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड़ सहित आनन्द मिश्र, मनोज गुप्ता, विजय कनोजिया, रविंदर गोंड़, मुकेश मिश्रा, बेचू बीए, दिनेश यादव, गौतम गुप्ता, नसीम, सुनील वर्मा, अजय गुप्ता, संतोष कसौधन, अभिषेक पांडेय, सुनील यादव, आयुष मिश्र समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
Home उत्तर प्रदेश संकटमोचन के जयकारों से गूंजा कप्तानगंज, भक्ति-भाव में सराबोर हुआ जनसैलाब; हनुमान...





