डाक टाइम्स न्यूज खड्डा (कुशीनगर):
राष्ट्र गौरव, अदम्य साहस और स्वाभिमान के प्रतीक छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती/स्मरण के अवसर पर खड्डा नगर के शिवाजी चौक पर भव्य श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विधायक विवेकानंद सहित अन्य गणमान्य लोगों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावपूर्ण नमन किया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने “जय भवानी, जय शिवाजी” के उद्घोष के साथ वीर शिवाजी के शौर्य और पराक्रम को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का संपूर्ण जीवन संघर्ष, राष्ट्रभक्ति और स्वाभिमान की अनुपम गाथा है।
उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी अपने अद्वितीय साहस, कुशल रणनीति और दृढ़ नेतृत्व के बल पर एक सशक्त एवं स्वतंत्र मराठा साम्राज्य की स्थापना कर इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। विधायक विवेकानंद ने अपने संबोधन में कहा कि शिवाजी महाराज केवल एक शासक नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं। उनका जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और मातृभूमि के प्रति समर्पण से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा, सभासद प्रतिनिधि प्रदीप गुप्ता, सभासद प्रतिनिधि प्रिंस मद्धेशिया, पवन , विजय कन्नौजिया, रोशन भारती, आनंद सिंह, अनिल मोदनवाल सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और महान वीर को कोटि-कोटि नमन करते हुए उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।





