डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर): कलेक्ट्रेट बार असोसिएशन तहसील कप्तानगंज के अधिवक्ताओं ने रामपुर में बीते दिनों अधिवक्ता फारुख अहमद खान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दिये जाने को लेकर गुरूवार को तहसील कप्तानगंज में जबरजस्त विरोध प्रदर्शन किया और न्यायिक कार्यों से विरत रहे। इस दौरान अधिवक्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। अधिवक्ताओं का कहना है कि जब कानून के रखवाले ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जा सकती है। अधिवक्ता संघ द्वारा राज्यपाल महोदया को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी कप्तानगंज विनोद कुमार गुप्ता को सौंपकर कार्यवाही की मांग की है। अधिवक्ताओं ने अपने ज्ञापन में लिखा है कि उपरोक्त हत्याकांड में शामिल सभी अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। दोषियों के विरुद्ध कठोर से कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। मृतक अधिवक्ता के परिजनों को शासन द्वारा 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाए। प्रदेश में अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट को शीघ्र लागू किया जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। अधिवक्ताओं का कहना है कि यह घटना न केवल एक व्यक्ति की हत्या है बल्कि पूरे न्याय व्यवस्था पर हमला है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्यवाही नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इस दौरान हीरा पांडेय, उमेश दूबे, मिर्जा इक़्तेदार हुसैन, आनन्द सरोज, जयप्रकाश अग्रहरि, संजय, उमेश दुबे, उदयभान पटेल, राजन पांडेय, दारा यादव, इन्द्रेश यादव, नित्यानंद पाण्डेय सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।









