खड्डा: कड़ाके की ठंड से राहत के लिए खड्डा विधायक और नगर अध्यक्ष ने सैकड़ों जरूरतमंदों में बांटे कंबल

292

डाक टाइम्स न्यूज खड्डा कुशीनगर: जनपद कुशीनगर के कार्यालय-नगर पंचायत खड्डा में दिनाँक 09 जनवरी 2026 दिन शुक्रवार को कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कंबल वितरण कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक विवेकानंद पाण्डेय और नगर पंचायत अध्यक्ष संगीता वर्मा की उपस्थिति में उनके द्वारा कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप से बचने के लिए जरूरतमंदों में कंबल बांटा गया ताकि इस भीषण ठण्ड के प्रकोप से बचा जा सके। कार्यक्रम के दौरान विधायक विवेकानन्द पाण्डेय और नगर अध्यक्षा श्रीमती संगीता वर्मा सहित अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा ने संयुक्त रूप नगर के सैकड़ों असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल प्रदान किए। इस दौरान नगरवासियों को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक विवेकानंद पाण्डेय ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर भक्ति है, जब किसी जरूरतमंद की सहायता की जाए, तो वह सेवा स्वयं नारायण की सेवा के समान हो जाती है। उन्होंने कहा कि भीषण ठंड के इस मौसम में समाज के प्रत्येक अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की मदद करना हमारा परम नैतिक कर्तव्य है। विधायक ने कहा कि सेवा ही संकल्प है और संवेदना ही सच्ची सामाजिक जिम्मेदारी है। नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि दुर्गेश्वर वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी के सेवा और संकल्प पर चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगीआदित्य के नेतृत्व में सभी जरूरतमंद लोगों को प्रत्येक सुविधा मुहैया करायी जा रहीं हैं ताकि कोई भी जरूरतमंद सुविधाओं के अभाव में न रहे। उन्होंने कहा कि यह प्रयास न केवल जरूरतमंदों को ठंड से बचाएगा, बल्कि उनके भीतर प्रशासन और समाज के प्रति अपनापन और संबल भी जागृत करेगा। जिससे नागरिकों का भरोसा कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि इस कंबल वितरण कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को कड़ाके की ठंड से राहत पहुंचाना है, ताकि कोई भी ठण्ड के प्रकोप में न आए। उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरकार के विकास कार्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आज वर्तमान समय में घर कूड़ा इकट्ठा करने के लिए नगर के प्रत्येक नागरिकों के घर नगर पंचायत की कुड़ा गाड़ी जाती है, इससे पहले कूड़े फेंकने को लेकर नागरिकों में आपसी विवाद भी उत्पन्न हो जाते थे, जिसे आज समाप्त कर दिया गया, अब लोगों के घर-घर कूड़ा गाड़ी जाती है और लोग कूड़ा उसमें डालते हैं। इस दौरान सभासद प्रतिनिधि संजय गुप्ता, प्रिंस मद्धेशिया, पवन मद्धेशिया, राजेश्वर सिंह, नत्थू मौर्या, वरिष्ठ लिपिक राजेंद्र प्रसाद, भाजपा नेता मनोज जायसवाल, भाजपा नेता आलोक तिवारी सहित नगर पंचायत के समस्त अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।