खड्डा में विकास कार्यों के नाम पर करोड़ों के घोटाले का आरोप, कांग्रेस ने उठाई उच्चस्तरीय जांच की मांग; मुख्यमंत्री को भेजा पांच सूत्रीय ज्ञापन

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। नगर पंचायत खड्डा एवं छितौनी में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा ने मोर्चा खोल दिया है। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित ज्ञापन शैलेश कुमार तहसीलदार खड्डा के माध्यम से भेजकर करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में वर्ष 2017 से 2026 तक नगर पंचायत खड्डा एवं छितौनी में कराए गए विभिन्न निर्माण कार्यों, स्वच्छ भारत अभियान, स्ट्रीट लाइट एवं श्मशान घाट निर्माण में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं।

डूडा विभाग द्वारा कराए गए आरसीसी सड़कों के निर्माण पर सवाल

ज्ञापन के पहले बिंदु में परियोजना निदेशक, डूडा विभाग कुशीनगर द्वारा वर्ष 2023 से 2026 तक नगर पंचायत खड्डा एवं छितौनी में कराए गए आरसीसी सड़क निर्माण कार्यों में मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया गया है। आरोप है कि निर्माण में घटिया गिट्टी, सीमेंट एवं डस्ट का प्रयोग किया गया तथा सड़कों की लंबाई और चौड़ाई में भी कटौती की गई। निर्माण के कुछ ही महीनों बाद सड़कों में दरारें पड़ने और मरम्मत के नाम पर चिप्पी लगाने की बात भी कही गई है। साथ ही निर्माण कार्यों के सूचना पट्ट नहीं लगाए जाने का मुद्दा उठाते हुए एमबी, नक्शा, लंबाई-चौड़ाई एवं निर्माण सामग्री का प्रयोगशाला से परीक्षण कराकर भौतिक सत्यापन की मांग की गई है।

स्वच्छ भारत अभियान की खरीदारी में अनियमितता का आरोप

दूसरे बिंदु में नगर पंचायत खड्डा एवं छितौनी में वर्ष 2017 से 2026 तक भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित स्वच्छ भारत अभियान के तहत खरीदे गए सामानों एवं उपकरणों में कथित घोटाले का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन के अनुसार मूत्रालय, प्लास्टिक, स्टील एवं लोहे के सामान बाजार मूल्य से कई गुना अधिक कीमत पर खरीदे गए। बिना टेंडर ठेके देने, घटिया सामग्री खरीदने तथा कागजों में फर्जी बिल बनाकर भुगतान कराने की आशंका जताई गई है। सफाई उपकरणों एवं वाहनों के रखरखाव के अभाव में कबाड़ बन जाने का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस ने खरीदारी के बिल, वाउचर एवं सामानों का भौतिक सत्यापन कराकर जांच की मांग की है।

स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता और भुगतान की जांच की मांग

तीसरे बिंदु में वर्ष 2017 से 2026 तक राज्य योजनाओं एवं नगर निकाय बजट के तहत नगर पंचायत खड्डा एवं छितौनी में लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए गए हैं। मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना तथा राज्य एवं केंद्रीय वित्त आयोग से कराए गए कार्यों में मानकविहीन लाइटें लगाए जाने का आरोप है। ज्ञापन में कहा गया है कि कई स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था ठीक नहीं है और नगर के विभिन्न हिस्सों में अंधेरा बना रहता है। सभी स्ट्रीट लाइटों का स्थलीय सत्यापन कराने के साथ एमबी, बिल एवं वाउचर की जांच कराने की मांग की गई है।

1 करोड़ 80 लाख की सोलर स्ट्रीट लाइट खरीद में घोटाले का आरोप

चौथे बिंदु में नगर पंचायत खड्डा एवं छितौनी में लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से सोलर स्ट्रीट लाइटों की खरीदारी में बड़े पैमाने पर अनियमितता का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में आरोप है कि कई स्थानों पर लाइटें लगाए बिना ही भुगतान करा लिया गया और कागजी औपचारिकताएं पूरी कर सरकारी धन का बंदरबांट किया गया। कांग्रेस अध्यक्ष ने संबंधित एमबी एवं भुगतान वाउचर के साथ मौके पर लगी लाइटों का भौतिक सत्यापन कराकर विधिक कार्रवाई की मांग की है।

श्मशान घाट और शवदाह भवन निर्माण पर भी उठाए सवाल

पांचवें बिंदु में नगर पंचायत खड्डा में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से नारायणी नदी के किनारे बीरभार टोकर पर बनाए गए हिन्दू श्मशान घाट के निर्माण कार्य पर सवाल उठाए गए हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि निर्माण के बावजूद अब तक नागरिकों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा नारायणी टोकर नंबर-3 के आगे करोड़ों रुपये की लागत से कराए गए दूसरे शवदाह भवन के निर्माण कार्य की भी जांच कराने की मांग की गई है। आरोप है कि निर्माण में घटिया कार्य कराकर सरकारी योजनाओं के उद्देश्य को प्रभावित किया गया है। घाट पर बैठने, शवदाह एवं पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं को तत्काल उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि ज्ञापन के पांचों बिंदुओं की प्रदेश स्तरीय जांच टीम गठित कर निष्पक्ष जांच कराई जाए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, एमबी, बिल-वाउचर, भुगतान अभिलेखों एवं मौके पर कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन कराकर दोषी अधिकारियों एवं संबंधित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जनहित से जुड़ी इन मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में धरना-प्रदर्शन एवं आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस दौरान केशव गुप्ता राधेश्याम कुशवाहा, छट्टू भारती, नगीना, सुरेंद्र चौधरी सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पदाधिकारी उपस्थित रहे.