आईपीएल फाउंडेशन के वन हेल्थ कैंप में उमड़ा ग्रामीणों का हुजूम, 750 लोगों ने उठाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व मृदा परीक्षण का लाभ

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) की सामाजिक उत्तरदायित्व पहल के तहत सोमवार को आईपीएल शुगर यूनिट, खड्डा परिसर में वृहद ‘वन हेल्थ कैंप’ का आयोजन किया गया। आईपीएल फाउंडेशन के तत्वावधान में आईपीएल शुगर यूनिट के सहयोग तथा राइज फाउंडेशन के क्रियान्वयन में आयोजित इस शिविर में कुल 750 लोगों ने सहभागिता कर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं कृषि संबंधी सेवाओं का लाभ उठाया।

शिविर में स्वयं सहायता समूहों की 100 महिलाएं, आईपीएल विद्यालय के 350 छात्र-छात्राएं तथा 300 किसान शामिल हुए। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मानव स्वास्थ्य, मृदा संरक्षण, फसल सुरक्षा एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति ग्रामीण समुदाय को जागरूक करना रहा।  

कार्यक्रम में जिला गन्ना अधिकारी कुशीनगर हुडा सिद्दीकी, गन्ना अनुसंधान संस्थान सेवरही के संयुक्त निदेशक डॉ. सुभाष सिंह, खड्डा गन्ना समिति के अध्यक्ष सुप्रियम मालवीय तथा छितौनी गन्ना समिति के अध्यक्ष समीर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही।

आईपीएल शुगर यूनिट के यूनिट हेड विकास के. चौधरी एवं केन हेड सुधीर कुमार के विशेष सहयोग से आयोजित शिविर में ग्रामीण स्वास्थ्य और किसान कल्याण को विशेष प्राथमिकता दी गई। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि आईपीएल फाउंडेशन की जनकल्याणकारी पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के साथ किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना है।

शिविर में चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एन. गुप्ता के नेतृत्व में चिकित्सकीय टीम ने सेवाएं प्रदान कीं। डॉ. मंजुलिका भारद्वाज, विदुषी चौधरी एवं गौरव द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने का कार्य भी किया गया। वहीं डॉ. बी.एन. पांडेय, डॉ. जितेंद्र कुमार यादव, डॉ. अजय कुमार पांडेय, डॉ. पूजा शर्मा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. रवि प्रताप पांडेय एवं डॉ. आर.के. गुप्ता सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।

शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ रक्तचाप, ब्लड शुगर, नेत्र परीक्षण एवं दंत परीक्षण की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई गई। महिलाओं और विद्यार्थियों को स्वच्छता, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। वहीं किसानों को मिट्टी की गुणवत्ता के अनुसार मृदा परीक्षण, संतुलित उर्वरक प्रयोग, फसल संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी देकर बेहतर उत्पादन के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर राइज फाउंडेशन के सचिव अभय त्रिपाठी ने सभी जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, आईपीएल शुगर यूनिट के वरिष्ठ अधिकारियों एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आईपीएल फाउंडेशन एवं शुगर यूनिट प्रबंधन की यह पहल ग्रामीण समाज के स्वास्थ्य और कृषि विकास की दिशा में सराहनीय प्रयास है।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में आईपीएल शुगर यूनिट के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, चिकित्सकों, कृषि विशेषज्ञों तथा राइज फाउंडेशन की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।