डीआरएम आशीष जैन ने गोरखपुर कैंट-पनियहवां रेलखंड के दोहरीकरण कार्य का किया निरीक्षण, कप्तानगंज स्टेशन की व्यवस्थाओं को परखा

निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा करने के निर्देश, दिव्यांग यात्रियों की सुविधा और स्टेशन की सुरक्षा पर दिया विशेष जोर

Daktimes News कप्तानगंज (कुशीनगर), 20 नवंबर। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) श्री आशीष जैन ने शुक्रवार को गोरखपुर कैंट-पनियहवां रेलखंड पर चल रहे दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कप्तानगंज-घुघली स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 356/17 एवं 355/18 पर प्रस्तावित कट कनेक्शन कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।  इसके बाद डीआरएम ने कप्तानगंज रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म, नवनिर्मित पैनल रूम, रिले रूम, आईपीएस रूम, प्रतीक्षालय तथा आरक्षित एवं अनारक्षित टिकट काउंटरों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर रैंप की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने और अनधिकृत प्रवेश पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने तथा निर्माण कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने पर जोर दिया।

डीआरएम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर संचालित खानपान स्टॉल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान स्टॉल के लाइसेंस और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी स्थिति की जांच की। उन्होंने स्टॉल संचालक को निर्धारित मानकों के अनुरूप लाइसेंस और अग्निशमन उपकरणों को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने स्टेशन पैनल का निरीक्षण कर पॉइंट्समैन एवं स्टेशन मास्टर से ट्रेनों के सुरक्षित संचालन से जुड़े संरक्षा पहलुओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि रेल परिचालन में संरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि यात्रियों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर प्रथम शैलेन्द्र कुमार, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वितीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बालेन्द्र पाल, मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) दीपक यादव सहित आरपीएफ प्रभारी परमेश्वर साहनी भी मौजूद रहे। उन्होंने स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था, यात्रियों की सुरक्षा तथा रेलवे संपत्ति की निगरानी से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया।