Daktimes News गोरखपुर, 19 नवम्बर। दीपावली एवं छठ महापर्व के बाद यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए छपरा–आनन्द विहार टर्मिनल के बीच वाया गोरखपुर एक फेरे की त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन के संचालन से गोरखपुर के साथ ही कुशीनगर जिले के तमकुही रोड, पडरौना, रामकोला और कप्तानगंज के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 05013 छपरा–आनन्द विहार टर्मिनल त्योहार विशेष ट्रेन 21 नवम्बर (शनिवार) को छपरा से शाम 5 बजे रवाना होगी। यह सीवान, थावे, तमकुही रोड, पडरौना, रामकोला, कप्तानगंज होते हुए रात 10:40 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बस्ती, गोंडा, लखनऊ और कानपुर सेंट्रल सहित विभिन्न स्टेशनों से होते हुए अगले दिन दोपहर 3:50 बजे आनन्द विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी संख्या 05014 आनन्द विहार टर्मिनल–छपरा त्योहार विशेष ट्रेन 22 नवम्बर (रविवार) को शाम 6:45 बजे रवाना होगी। यह अगले दिन दोपहर 12:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद कप्तानगंज, रामकोला, पडरौना, तमकुही रोड, थावे और सीवान होते हुए शाम 6:40 बजे छपरा पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के 3, सामान्य द्वितीय श्रेणी के 6, सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान के 7 तथा एसएलआरडी के 2 कोच शामिल होंगे। रेलवे की इस पहल से त्योहार के बाद अपने गंतव्य की ओर लौटने वाले यात्रियों को अतिरिक्त आवागमन सुविधा मिलेगी।