25 वर्षों से छठ व्रतियों की सेवा में जुटी है छठ सेवा सहयोग समिति, सोहरौना, अर्घ्य के बाद माताओं को पिलाती है चाय

Daktimes News खड्डा (कुशीनगर)। लोक आस्था एवं सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सेवा, समर्पण और सामाजिक सहयोग की अनूठी मिसाल देखने को मिलती है। विकासखंड खड्डा के ग्राम सभा सोहरौना में छठ सेवा सहयोग समिति की ओर से विगत 25 वर्षों से लगातार छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सेवा का कार्य किया जा रहा है।

समिति के सदस्यों द्वारा छठ महापर्व पर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर पूजा-अर्चना के बाद वापस लौटने वाली व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं को चाय पिलाकर सेवा की जाती है। वर्षों से चली आ रही यह परंपरा अब क्षेत्र में सेवा और सामाजिक समर्पण की एक विशेष पहचान बन चुकी है।

समिति के सदस्यों का यह प्रयास सराहनीय है कि वे बिना किसी स्वार्थ के आस्था के इस महापर्व पर व्रती माताओं की सेवा को अपना दायित्व समझते हैं। 25 वर्षों से अनवरत जारी यह सेवा कार्य समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और मानवता का संदेश दे रहा है।

इस पुनीत सेवा कार्य में राधेश्याम कुशवाहा, छट्ठु भारती, दयानंद कुशवाहा, पिंटू पासवान, तेजप्रताप यादव, दशरथ चौधरी, विशाल प्रजापति, संजय जायसवाल, राम कृपाल गुप्ता एवं वाजिद अली सहित अन्य समाजसेवियों का सराहनीय योगदान रहता है।

छठ महापर्व पर समिति की ओर से की जाने वाली यह छोटी-सी सेवा अपने आप में बड़ा संदेश देती है। श्रद्धा के साथ सेवा भाव का यह संगम पिछले 25 वर्षों से क्षेत्र में सामाजिक सद्भाव और समर्पण की मिसाल पेश कर रहा है।