Daktimes News कप्तानगंज (कुशीनगर)। नगर में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि पुलिस चौकी के ठीक बगल में स्थित मोबाइल की दुकान को भी निशाना बनाने से नहीं चूके। बीती रात शातिर चोरों ने गोरखपुर-पिपराइच मार्ग स्थित आजाद चौक पर न्यू लक्की मोबाइल की दुकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के मोबाइल फोन और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। जानकारी के अनुसार, चोर दुकान से करीब तीन लाख रुपये कीमत के महंगे मोबाइल फोन, काउंटर में रखे 13 हजार रुपये नकद तथा मरम्मत के लिए आए कई अन्य मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गए। शुक्रवार सुबह दुकान मालिक लक्की को चोरी की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में दुकान पहुंचने पर अंदर का बिखरा सामान और खाली काउंटर देखकर वह स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने जल्द ही चोरी की घटना का पर्दाफाश करने और चोरों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस चौकी से महज चंद कदमों की दूरी पर स्थित दुकान में चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम कैसे दे दिया? इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में दहशत और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता व्याप्त है।