तिलक समारोह से लौट रहे परिवार की वैन ट्रेलर से टकराई, छह की दर्दनाक मौत, एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से भलुही गांव में मातम, छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान रंजय गुप्ता भी हादसे के शिकार

Daktimes News बोदरवार कप्तानगंज (कुशीनगर)।

कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में हाटा-पिपराइच मार्ग पर थरुआडीह के पास रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तिलक समारोह से लौट रही ओमनी वैन की ट्रेलर से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के गांव भलुही में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

तिलक समारोह से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव निवासी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ महराजगंज जिले के बभनौली गांव से संबंधित पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कुशीनगर जिले के हाटा क्षेत्र के देवराड़ पिपरा गांव में आयोजित तिलक समारोह में गए थे। देर रात कार्यक्रम से वापस लौटते समय थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास उनकी ओमनी वैन की ट्रेलर से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतको का फाइल फोटो

सीआरपीएफ जवान रंजय गुप्ता की मौत से गांव में शोक

इस दर्दनाक हादसे में कन्हैया प्रसाद (लगभग 40 वर्ष), उनके पिता रामबेलास (लगभग 65 वर्ष), राममिलन (लगभग 35 वर्ष), मृदुल मिश्रा (लगभग 37 वर्ष), सीआरपीएफ जवान रंजय गुप्ता (लगभग 35 वर्ष) और मिथिलेश गुप्ता (लगभग 22 वर्ष) की मौत हो गई।

हादसे में सीआरपीएफ जवान रंजय गुप्ता की मौत से परिवार और गांव में गहरा दुख व्याप्त है। बताया जा रहा है कि रंजय गुप्ता दशहरे की छुट्टी पर घर आए थे। कुछ दिनों बाद उन्हें वापस अपनी ड्यूटी पर लौटना था, लेकिन इस भीषण हादसे ने उनके परिवार की खुशियां छीन लीं।

वहीं, हादसे में राममिलन के पुत्र आयुष और आर्यन गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।

एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे में एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से भलुही गांव में मातम पसरा हुआ है। जिन घरों में पारिवारिक समारोह के बाद खुशियां लौटने की उम्मीद थी, वहां अब चीख-पुकार और अपनों को खोने का दर्द है। घटना की जानकारी मिलने के बाद से गांव में शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है।

पुलिस ने शवों को निकलवाकर शुरू की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से वैन में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दोनों गंभीर घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। ट्रेलर चालक के फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक विनय प्रकाश गोंड और तहसीलदार अभिषेक मिश्रा भी भलुही गांव पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।