डाक टाइम्स न्यूज खड्डा/कुशीनगर। विधानसभा खड्डा (329) सहित नगर पंचायत खड्डा में अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत लगभग 19 करोड़ रुपये की लागत से संचालित पेयजल पुनर्गठन (नल-जल) परियोजना को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। आज दिनांक 6 जुलाई 2026 दिन सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा के ब्लॉक अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने खड्डा तहसील मुख्यालय पर पहुंचकर जिलाधिकारी कुशीनगर को संबोधित ज्ञापन पत्र तहसीलदार खड्डा को सौंप कर तत्काल प्रभाव से कार्यवाही की मांग की है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने प्रार्थना-पत्र में योजना के क्रियान्वयन में कथित वित्तीय अनियमितता, सरकारी धन के दुरुपयोग, बिना सक्षम स्वीकृति निर्माण कार्य कराए जाने तथा नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध न कराए जाने के आरोप लगाए गए हैं, कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में पुरानी एवं जर्जर पानी की टंकी की मरम्मत पर भुगतान किए जाने के बावजूद संबंधित बोरवेल खराब होने से आज तक नागरिकों को अपेक्षित शुद्ध पेयजल सुविधा नहीं मिल सकी। आरोप है कि कार्य की उपयोगिता और गुणवत्ता का समुचित परीक्षण किए बिना सरकारी धन खर्च किया गया। प्रार्थना-पत्र में यह भी दावा किया गया है कि सार्वजनिक उपयोग के लिए आरक्षित भूमि जैसे खाद गड्डा और सौर स्थल पर बिना सक्षम प्रशासनिक अनुमति एवं वैधानिक प्रस्ताव के ट्यूबवेल, कॉलोनी तथा अन्य निर्माण कार्य कराए गए। कहा गया कि राजस्व अधिकारियों द्वारा केवल नवीन परती भूमि पर निर्माण की संस्तुति की गई थी, जबकि अन्य भूमि पर भी निर्माण कार्य कराए जाने के आरोप लगाए गए हैं। साथ ही नगर पंचायत कार्यालय खड्डा द्वारा संबंधित भूमि पर जल विभाग या जल निगम को किसी प्रकार की अनुमति अथवा प्रस्ताव न दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है। प्रार्थना पत्र में कहा कि संबंधित विभाग द्वारा 30 अप्रैल 2026 तक नगरवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन निर्धारित समयसीमा बीत जाने के बाद भी योजना का लाभ आम लोगों तक नहीं पहुंच पाया। जिससे लगभग 5 हजार परिवार और 16 हजार से अधिक नागरिक दूषित जल उपयोग करने को मजबूर हैं, जिससे जनस्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। पदाधिकारियों ने प्रार्थना-पत्र में मांग की गई है कि परियोजना की तकनीकी, वित्तीय और प्रशासनिक जांच किसी स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय समिति या एजेंसी से कराई जाए। साथ ही सभी स्वीकृतियों, भुगतान अभिलेखों और कार्य संबंधी दस्तावेजों की जांच कर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो जनहित में विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस दौरान राधेश्याम कुशवाहा, केशव गुप्ता, दिलीप सिंह श्रीनेत्र, संजय पांडे, छठठु प्रसाद भारती, अंगद चौहान, रविकांत प्रजापति सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






