- अखिलेश यादव के जन्मदिवस पर रोजगार का बड़ा तोहफा, नौरंगिया में 1148 युवाओं का हुआ चयन
- जनसेवक पवन दूबे के रोजगार मेले में 1866 अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 10 से अधिक नामी कंपनियों ने किया साक्षात्कार
Daktimes News नौरंगिया/नेबुआ-नौरंगिया।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिवस के अवसर पर विकास खण्ड नेबुआ-नौरंगिया के ग्राम सभा नौरंगिया स्थित सरस्वती देवी महाविद्यालय में शिक्षाविद एवं जनसेवक पवन दूबे के नेतृत्व में भव्य रोजगार मेला एवं महाभर्ती अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी सफलता मिली, जहां 1866 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया और 1148 युवक-युवतियों का विभिन्न पदों के लिए चयन किया गया।
रोजगार मेले में रिलायंस मार्ट, टीवीएस, जेप्टो, अमेरिकोप, डिस्पोसेफ, रोटोस्टार, एटम वन, पॉली रब, बंसल वायर इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड सहित 10 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियों ने साक्षात्कार लेकर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया। कार्यक्रम के दौरान ईयू ग्रुप के चेयरमैन विजय प्रताप सिंह ने प्री-इंटरव्यू सत्र में अभ्यर्थियों को रोजगार संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि चयनित युवाओं को बीमा, पीएफ, न्यूनतम दर पर आवास एवं भोजन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इस अवसर पर जनसेवक पवन दूबे ने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक युवा को रोजगार दिलाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को रोजगार मिलेगा तो परिवारों की आय बढ़ेगी, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित अभ्यर्थियों को प्रतिष्ठित कंपनियों में बेहतर वेतन और सुविधाओं के साथ उज्ज्वल भविष्य मिलेगा। रोजगार मेले में चयनित युवक-युवतियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। कार्यक्रम के अंत में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का जन्मदिवस केक काटकर उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यह आयोजन क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।






