सरकार आपके द्वार’ अभियान को मिली नई धार, 12 वर्षों की उपलब्धियों की प्रदर्शनी में उमड़ा जनसैलाब

  • कुशीनगर में कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान ने जनकल्याणकारी योजनाओं का किया अवलोकन, लाभार्थियों को वितरित किए सहायता चेक

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण को समर्पित केंद्र सरकार के 12 स्वर्णिम वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कुशीनगर के डीपीआरसी भवन एवं कप्तानगंज विकास खंड सभागार में आयोजित भव्य प्रदर्शनी और जनकल्याण कार्यक्रम में विकास और जनसेवा की झलक देखने को मिली।  कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं कुशीनगर प्रभारी दारा सिंह चौहान ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।    इस अवसर पर मंत्री दारा सिंह चौहान ने विभिन्न योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। वहीं नन्हे बच्चों के अन्नप्राशन संस्कार कार्यक्रम में सहभागिता कर उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण भी किया गया। अपने संबोधन में मंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं एवं वंचित वर्गों के उत्थान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि किसी भी पीड़ित व्यक्ति को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े। अब शासन-प्रशासन स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंच रहा है।

उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में सरकार ने गरीबी उन्मूलन, रोजगार सृजन, महिला सशक्तिकरण, पेंशन योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव ने कहा कि सरकार की मंशा योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाना है। अब लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए राजधानी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि प्रशासन घर-घर तक पहुंचकर योजनाओं का लाभ उपलब्ध करा रहा है। प्रदर्शनी में स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, ग्राम विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, पीएम सूर्य घर योजना, सहकारिता विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, उद्योग विभाग एवं बाल विकास परियोजना सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों के माध्यम से सरकार की जनहितकारी योजनाओं और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों ने भी अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों और मॉडल के माध्यम से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विशाल सिंह ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़ ने उपस्थित नागरिकों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं सुझावों को भी सुना तथा उनके शीघ्र समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उन्होंने प्रदेश की यशस्वी सरकार सेवा, सुशासन, सुरक्षा एवं गरीब कल्याण के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है। “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद एवं विश्वास को और अधिक मजबूत करने का सशक्त माध्यम बन रहा है। इस दौरान पडरौना विधायक मनीष जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और जनकल्याण के स्वर्णिम वर्ष रहे हैं। केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी योजनाओं ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने का कार्य किया है। गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के उत्थान के लिए अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। यह प्रदर्शनी जनता को सरकार की उपलब्धियों, विकास कार्यों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराने का सशक्त माध्यम है। इस दौरान जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय , खंड विकास अधिकारी अमरनाथ पांडेय, रविंदर प्रसाद, प्रमोद कुमार सिंह, सचिव किशन राय, कन्हैया मौर्या, सतेंद्र सिंह, संतोष गुप्ता, लल्लन यादव, राघवेंद्र पटेल, अभिषेक सिंह, आकाश गुप्ता, हृदय नारायण, जेई संतोष कुमार राय, योगेंद्र प्रताप सिंघानिया, प्रधान श्यामदेव राजभर, रवि प्रताप सिंह, जनार्दन, विनोद साहनी, धर्मेंद्र शर्मा, प्रेमसागर साहनी, वीरेंद्र गुप्ता, मनीष मिश्रा, किसान संतोष सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं आमजन उपस्थित रहे।