परीक्षार्थियों के लिए खुशखबरी: आरआरबी एनटीपीसी परीक्षा हेतु चलेगी अनारक्षित विशेष गाड़ी

डाक टाइम्स न्यूज वाराणसी, 12 जून 2026। रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) एनटीपीसी परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने वाराणसी सिटी और गोरखपुर के बीच विशेष अनारक्षित परीक्षा ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस विशेष व्यवस्था से पूर्वांचल के हजारों परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में काफी सहूलियत मिलेगी। रेल प्रशासन के अनुसार 05149 वाराणसी सिटी-गोरखपुर अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी 13 जून से 21 जून 2026 तक प्रतिदिन संचालित की जाएगी। यह ट्रेन वाराणसी सिटी से शाम 7:30 बजे प्रस्थान कर सारनाथ, औड़िहार, सादात, जखनियां, डुल्लहपुर, मऊ, बेल्थरा रोड, लार रोड, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, गौरीबाजार तथा चौरी-चौरा होते हुए रात 2:15 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। वहीं 05150 गोरखपुर-वाराणसी सिटी अनारक्षित परीक्षा विशेष गाड़ी 14 जून से 21 जून 2026 तक गोरखपुर से सुबह 3:15 बजे प्रस्थान कर चौरी-चौरा, गौरीबाजार, देवरिया सदर, भटनी, सलेमपुर, लार रोड, बेल्थरा रोड, मऊ, डुल्लहपुर, जखनियां, सादात, औड़िहार और सारनाथ होते हुए सुबह 9:15 बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन ने बताया कि इस विशेष गाड़ी में सामान्य द्वितीय श्रेणी (जीएस/जीएससीएन) के 15 तथा एसएलआर के 2 कोच सहित कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। सभी कोच अनारक्षित श्रेणी के होंगे। यात्रियों की संख्या को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कोच भी जोड़े जा सकते हैं तथा परिचालन की जरूरत के अनुसार ट्रेन का समय पुनर्निर्धारित किया जा सकता है। रेल प्रशासन ने यात्रियों को इस विशेष सुविधा की जानकारी देने के लिए इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, स्टेशन सूचना पट्टों एवं विभिन्न स्टेशनों पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की है। जनसम्पर्क अधिकारी वाराणसी अशोक कुमार ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान अभ्यर्थियों की यात्रा को सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से यह विशेष ट्रेन चलाई जा रही है।