Daktimes News वाराणसी, 11 जून 2026। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के निर्देशन में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, रेल संपत्ति की रक्षा, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा मानव तस्करी की रोकथाम के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आरपीएफ ने एक महिला की जान बचाने के साथ-साथ यात्रियों का खोया सामान उन्हें वापस दिलाकर अपनी संवेदनशील एवं तत्पर कार्यशैली का परिचय दिया है।
ट्रेन के आगे कूदने जा रही महिला को आरपीएफ ने बचाया
10 जून 2026 को बनारस रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ एवं जीआरपी की संयुक्त गश्त के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर खड़ी गाड़ी संख्या 15138 बुध पूर्णिमा एक्सप्रेस के प्रस्थान के समय एक महिला अचानक आत्महत्या की नीयत से ट्रेन के आगे कूदने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित पकड़ लिया और उसकी जान बचा ली। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुनैना तथा पता चितईपुर, वाराणसी बताया। आरपीएफ कर्मियों ने महिला को समझा-बुझाकर उसके परिजनों को सकुशल सौंप दिया। इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।
ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रॉली बैग लौटाया
आरपीएफ द्वारा संचालित ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत 10 जून 2026 को वाराणसी कंट्रोल से सूचना प्राप्त हुई कि गाड़ी संख्या 15109 के एसी कोच एम-2 में एक नीले रंग का ट्रॉली बैग छूट गया है।
सूचना मिलते ही यात्री सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एएसआई सुरेंद्र प्रसाद एवं कांस्टेबल धर्मेंद्र जायसवाल ने भटनी स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचने पर बैग को सुरक्षित उतरवाकर आरपीएफ पोस्ट भटनी में जमा कराया। बाद में बैग की स्वामिनी नम्रता प्रतवानी (जनपद सीवान) अपने परिजनों के साथ आरपीएफ पोस्ट पहुंचीं। सत्यापन के बाद लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का सामान सुरक्षित रूप से उन्हें सुपुर्द कर दिया गया। सामान प्राप्त कर यात्री एवं उनके परिजनों ने रेल प्रशासन और आरपीएफ की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
खोया मोबाइल और चार्जर भी किया सुपुर्द
ऑपरेशन अमानत के तहत ही 9 जून 2026 को वाराणसी कंट्रोल की सूचना पर ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल विनय राय ने ट्रेन संख्या 05184 के मऊ स्टेशन पहुंचने पर एस-3 कोच की बर्थ संख्या 66 एवं 67 से एक मोबाइल फोन एवं चार्जर बरामद किया। बरामद सामान को सुरक्षित रूप से आरपीएफ पोस्ट मऊ में जमा कराया गया।
10 जून को मोबाइल लेने के लिए मनोज कुमार (जनपद गाजीपुर) अपनी पत्नी प्रेमशिला के साथ पहुंचे। पहचान और यात्रा संबंधी दस्तावेजों के सत्यापन के बाद महिला हेड कांस्टेबल अनीता द्वारा लगभग 12 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल एवं चार्जर प्रेमशिला को सुपुर्द कर दिया गया। सामान मिलने पर यात्री ने आरपीएफ एवं रेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
यात्रियों की सुरक्षा और विश्वास के लिए प्रतिबद्ध है आरपीएफ
वाराणसी मंडल में आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे सुरक्षा एवं जनहित अभियानों के परिणामस्वरूप यात्रियों को न केवल सुरक्षा का एहसास हो रहा है, बल्कि खोए हुए सामान की बरामदगी और संकटग्रस्त लोगों की सहायता से रेलवे के प्रति उनका विश्वास भी लगातार मजबूत हो रहा है।





