मुस्तैद कुशीनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: गुमशुदा 6 लड़कियां सकुशल बरामद, संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल

डाक टाइम्स न्यूज/कुशीनगर, 09 अप्रैल 2026।
जनपद में पुलिस की सक्रियता और सजगता एक बार फिर सामने आई है। कुशीनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गुमशुदा हुई छह लड़कियों को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस सराहनीय कार्य से पुलिस की कार्यशैली और जनसुरक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता स्पष्ट झलकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 08 अप्रैल 2026 को थाना कसया क्षेत्र से छह लड़कियों के बिना सूचना घर से निकल जाने की सूचना मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर के निर्देशन में विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्यों का उपयोग तथा विभिन्न जनपदों में समन्वय स्थापित कर सघन तलाश अभियान चलाया। पुलिस की इसी सतर्कता और सूझबूझ का परिणाम रहा कि दिनांक 09 अप्रैल 2026 को सभी छह लड़कियों को जनपद बस्ती के गौर रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूरे अभियान में शामिल पुलिस टीमों ने अत्यंत संवेदनशीलता, तेजी और पेशेवर दक्षता का परिचय दिया। इस सफलता ने न केवल परिजनों को राहत दी, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत किया है। पुलिस की इस तत्परता की हर ओर हो रही सराहना स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की इस कार्यवाही की भूरि-भूरि प्रशंसा की है। यह घटना दर्शाती है कि यदि पुलिस तंत्र पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करे, तो किसी भी चुनौती का समाधान संभव है।

बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में शामिल अधिकारी/कर्मी:

  • प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह (थाना कसया)
  • प्रभारी निरीक्षक गिरीश उपाध्याय (थाना तमकुहीराज)
  • उपनिरीक्षक स्वतंत्र कुमार सिंह (स्वाट टीम प्रभारी)
  • उपनिरीक्षक आदर्श मिश्रा (थाना कसया)
  • उपनिरीक्षक गणेश प्रजापति (थाना कसया)
  • हेड कांस्टेबल शम्मी कुमार (सर्विलांस सेल)
  • हेड कांस्टेबल सुशील कुमार सिंह (सर्विलांस सेल)
  • महिला कांस्टेबल साधना गिरी
  • महिला कांस्टेबल शैलजा तिवारी