फायरिंग कांड का ‘एन्काउंटर एंड’: पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई में बदमाश गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर): क्षेत्र में दहशत फैलाने वाले फायरिंग कांड में पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सोमवार की रात सभासद व एक अन्य व्यक्ति के दरवाजे पर चढ़कर फायरिंग करने वाले बदमाशों के खिलाफ स्थानीय पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। 6/7 अप्रैल की रात पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान वांछित अभियुक्त आदित्य साहनी पुत्र कमलेश साहनी, निवासी ग्राम बभनौली (कप्तानगंज) को थाना क्षेत्र के हसनगंज-धूस के पास उस समय धर दबोचा, जब वह मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास कर रहा था। पुलिस द्वारा रोकने पर उसने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक 32 बोर पिस्टल, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और ₹1000 नकद बरामद किया है। वहीं उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह, थानाध्यक्ष दीपक सिंह, स्वाट प्रभारी स्वतंत्र सिंह, चौकी प्रभारी बबलू सोनकर एवं अंकित सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त आदित्य के खिलाफ रामकोला थाने में 2 तथा कप्तानगंज में 6 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।

फायरिंग मामले में सूजा खान भी धरा गया। बुधवार को स्थानीय पुलिस ने गोली कांड मामले में वार्ड 11 मंगल बाजार कप्तानगंज निवासी सूजा खान पुत्र मुस्ताक को थानाध्यक्ष दीपक सिंह अपने दल बल के साथ गिरफ्तार कर लिया।टीम में उप निरीक्षक बबलू कुमार सोनकर, का.मटरू यादव, सुरेश यादव, प्रेम शंकर चौबे रहे। बताते चलें कि सूजा खान थाना कप्तानगंज का हिस्ट्रीशीटर है और इसके खिलाफ इस थाने में 8 संगीन मामले दर्ज हैं।पुलिस इसको काफी दिनों से तलाश कर रही थी। गौरतलब है कि घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह मौके पर पहुंचे थे और त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। उसी रात स्वाट टीम का गठन कर पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया, जिससे क्षेत्र में पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है।