शपथ के साथ शुरू हुई जिम्मेदारी: नामित सदस्यों से नगर विकास की उम्मीदें बढ़ीं

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर): नगर पंचायत कप्तानगंज के सभागार में बुधवार को शासन द्वारा नामित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान उप जिलाधिकारी विनोद गुप्ता ने राधेश्याम पासवान, मिथिलेश अग्रहरि एवं गुंजन मिश्रा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रामकोला विधायक विनय प्रकाश गोंड ने नव-नामित सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पद केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि सभी सदस्यों को नगर के समग्र विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा। वहीं उप जिलाधिकारी विनोद गुप्ता ने कहा कि शासन द्वारा नामित सदस्य नगर के विकास कार्यों एवं योजनाओं की निगरानी करते हुए जनहित में कार्य करेंगे और शासन की मंशा के अनुरूप अपनी भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि सोनू खेतान, आनंद मिश्रा, सभासद मो. आरिफ, विजय कन्नौजिया, बैजनाथ, ढोरा राइन, शालू जायसवाल, रमेश मोदनवाल, विश्वजीत सिंह, मणिनदर अग्रहरि, भोला साहनी, दृगराज कुशवाहा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।