अंबेडकर जयंती को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी: सपा की रणनीतिक बैठक में गूंजा सामाजिक न्याय का संकल्प

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर): समाजवादी पार्टी द्वारा भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में बुधवार को सपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष पद प्रत्याशी रमेश जायसवाल के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष निठुरी राजभर ने की। बैठक को संबोधित करते हुए निठुरी राजभर ने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती आगामी 14 अप्रैल को रामकोला विधानसभा क्षेत्र के 10 बूथों के 35 सेक्टरों में पूरे हर्षोल्लास और भव्यता के साथमनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि देश और संविधान के प्रति अंबेडकर का योगदान अतुलनीय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। सामाजिक भेदभाव, छुआछूत और दलितों के उत्थान के लिए उनका संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। सपा नेता रमेश जायसवाल ने कहा कि बाबा साहब ने दलितों के अधिकारों के लिए जो त्याग और संघर्ष किया, वह भारतीय इतिहास में अमिट है। उन्होंने कहा कि आज संविधान की ताकत से ही आम नागरिक अपनी आवाज सदन से लेकर सड़क तक उठा पा रहा है। वहीं वरिष्ठ नेता विजय यादव ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार जयंती को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर आयोजन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अंबेडकर वास्तव में सामाजिक न्याय के सच्चे प्रतीक थे, जिन्होंने वंचित वर्गों के हक के लिए हर लड़ाई लड़ी। बैठक में कैलाश कनौजिया, हरीश कुमार राणा, मंटू राजभर, छोटेलाल यादव, संत जी, परवेज आलम, भोला यादव, डॉ. महेश्वर यादव, रामप्यारे कुशवाहा, रविंद्र सिंह, मिनहाज अहमद, सोनू वर्मा समेत कई कार्यकर्ता एवं नेता मौजूद रहे।