भूसा मशीन से उठी चिंगारी बनी आफत: लगभग 20 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख, दमकल समय से न पहुंचने पर भड़के ग्रामीण

डाक टाइम्स न्यूज बोदरवार। गंगराई गांव सभा के टोला गदहिला में रविवार शाम करीब 3 बजे भूसा बनाने वाली मशीन से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। देखते ही देखते खेतों में खड़ी गेहूं की फसल धू-धू कर जलने लगी और लगभग 15 से 20 बीघा फसल जलकर राख हो गई। आग लगने की खबर फैलते ही भलुही, बोदरवार, बड़हरा समेत आसपास के आधा दर्जन गांवों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। इस अग्निकांड में गदहिला निवासी राजकिशोर यादव की 3 एकड़, देवमुनि की 2 एकड़ तथा बाबू नंदन, आनंदी देवी, शिवेंद्र सिंह, कोलाहल प्रजापति, अनिल बैगलाल शर्मा, राम केवल प्रजापति, गणेश शर्मा, देवनंदन, हरिनाथ, वासुदेव,  छात्रधारी सिंह, राजेश प्रसाद, रामाश्रय सिंह सहित दर्जनों किसानों की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि कड़ी मेहनत और भारी लागत से तैयार की गई इस फसल से बच्चों की पढ़ाई, दवाई और शादी-ब्याह की उम्मीदें जुड़ी थीं, जो चंद मिनटों में राख में बदल गईं। ग्रामीणों ने प्रशासन पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि कप्तानगंज में अग्निशमन केंद्र खुलने के बावजूद सूचना के घंटों बाद भी दमकल की कोई गाड़ी समय पर नहीं पहुंची। गनीमत रही कि आग दिन में लगी, जिससे आसपास के गांवों के लोग समय रहते पहुंच गए और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।