बरवा में विकास की नई इबारत: 1.76 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास, पंचायत उत्सव भवन व आरसीसी सड़क की मिली सौगात

Daktimes News मोतीचक, कुशीनगर। विकास खण्ड मोतीचक के ग्राम सभा बरवा में शुक्रवार को ग्रामीण विकास को नई दिशा देने वाली महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं भूमिपूजन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुशीनगर सांसद विजय कुमार दूबे तथा विशिष्ट अतिथि हाटा विधायक मोहन वर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर पंचायत उत्सव भवन एवं आरसीसी सड़क निर्माण कार्यों का शुभारंभ किया। ग्राम सभा बरवा में करीब 1 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत से 35 हजार वर्गफुट क्षेत्रफल में आधुनिक पंचायत उत्सव भवन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं विधायक निधि से 35 लाख रुपये की लागत से बनने वाली आरसीसी सड़क का भी शिलान्यास किया गया। दोनों परियोजनाओं पर कुल लगभग 1.76 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पंचायत उत्सव भवन बनने से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए गांवों को आत्मनिर्भर और सुविधासंपन्न बनाने पर बल दिया। हाटा विधायक मोहन वर्मा ने कहा कि पंचायत उत्सव भवन ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे पंचायत स्तरीय बैठकों, सामाजिक आयोजनों तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों को नया मंच मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा विकास की रफ्तार को और तेज किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन भाजपा मंडल अध्यक्ष मोतीचक चन्द्रपाल कन्नौजिया ने किया, जबकि ग्राम प्रधान सतेंद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला मंत्री रामक्यास सिंह, पूर्व जिला मंत्री बाबूनाथ सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता संजय सिंह ‘मुन्ना’, खण्ड विकास अधिकारी श्वेता मिश्रा, एडीओ पंचायत रामाशीष गौतम, मथौली नगर पंचायत अध्यक्ष नवरंग सिंह, संतोष सिंह, अखिलेश दास गुप्ता, डॉ. रविश सिंह, मुंशी सिंह, जेई दानिश अंसारी, राजेश आर्य, गौरव तिवारी, देव मिश्रा, वीरेंद्र साहनी, दिवाकर पाण्डेय, सांसद मीडिया प्रभारी निखिल उपाध्याय, अभिषेक त्रिपाठी, शिवानंद आर्य, सुरेन्द्र यादव, गौतम सिंह, प्रदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।