डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर)।
नगर के साहित्यकार एवं पत्रकार बेचू बीए की माता स्वर्गीय सुदामा देवी की 19वीं पुण्य तिथि रविवार को सुदामा देवी कॉम्प्लेक्स पर सादगी एवं भावपूर्ण वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में साहित्य, संवेदना और मां की ममता का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम की अध्यक्षता दिनेश यादव ने की, जबकि संचालन फिरोज अश्क़ लक्ष्मीगंजवी ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में सत्य प्रकाश पांडे, मनोज गुप्ता एवं हरे राम गुप्त उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदे एवं स्वर्गीय सुदामा देवी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद धीरज राव ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर काव्य गोष्ठी का शुभारंभ कराया। काव्य गोष्ठी में कवियों और शायरों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। अश्वनी दुबे ने गरीबी और जीवन संघर्ष पर आधारित अपनी रचना सुनाकर खूब वाहवाही बटोरी। विनोद गुप्ता ने मानवीय संवेदनाओं को शब्द देते हुए कहा कि “हो जाएगी पूरी तेरी एक तमन्ना, कासा किसी फकीर का भर कर कभी देखो। ” कवि सुनील अंकुर ने माता-पिता के साथ समय बिताने का संदेश दिया,
वहीं मेजबान बेचू बीए ने मां की ममता को समर्पित अपनी मार्मिक पंक्तियों —
“जब भी रोया बचपन में तो माँ ने है दूध पिलाया,
और जब भी आफत आई तो माँ ने है मुझे बचाया”
— सुनाकर उपस्थित लोगों की आंखें नम कर दीं।
नवोदित रचनाकार आशुतोष सैनी, कन्हैया लाल करुण, अरमान मंसूरी, आनंद अनुज समेत कई कवियों एवं शायरों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से मां, जीवन और समाज की संवेदनाओं को अभिव्यक्त किया। कार्यक्रम में बेनी गोपाल शर्मा, अंशुदीप गुप्ता, रंजन शुक्ला, मंजूर हसन और मनोहर माही ने भी रचना पाठ कर समां बांधा। अंत में आयोजक बेचू बीए ने सभी आगंतुकों एवं साहित्यकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सोनू वर्मा, शिवकुमार रौनियार, श्याम बहादुर, गुड्डू राइन, राजन साहनी, इस्लाम सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





