आईपीएल खड्डा चीनी मिल के नए जीएम बने विकास चौधरी, किसानों को बेहतर सुविधाएं और समय पर भुगतान प्राथमिकता

सोमवार को ग्रहण किया कार्यभार, मिल के संचालन में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद

Daktimes News खड्डा, कुशीनगर। इण्डियन पोटैश लिमिटेड (आईपीएल) खड्डा चीनी मिल के जनरल मैनेजर (जीएम) पद पर विकास चौधरी की नियुक्ति हुई है। उन्होंने सोमवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनकी नियुक्ति से मिल कर्मचारियों और क्षेत्र के किसानों में हर्ष का माहौल है। विकास चौधरी इससे पूर्व आईपीएल खड्डा चीनी मिल में प्रोडक्शन हेड के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह ओडिशा के ढेंनकेलान स्थित आईपीएल चीनी मिल में प्रधान प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। खड्डा चीनी मिल में पहले कार्य करने के कारण उन्हें मिल की कार्यप्रणाली के साथ-साथ क्षेत्र के किसानों और श्रमिकों की समस्याओं की भी अच्छी जानकारी है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद विकास चौधरी ने किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और सरकार की मंशा के अनुरूप गन्ना मूल्य का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उनके अनुभव और क्षेत्र की परिस्थितियों से परिचित होने के कारण मिल के कामकाज में और अधिक प्रभावी सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। विकास चौधरी की नियुक्ति को लेकर मिल कर्मचारियों और गन्ना किसानों में उत्साह है। कर्मचारियों का मानना है कि उनके अनुभव, कार्यकुशलता और क्षेत्र की समझ से चीनी मिल के संचालन को नई दिशा मिल सकती है। वहीं, किसानों को भी उम्मीद है कि नए जीएम के नेतृत्व में उनकी समस्याओं के समाधान, बेहतर सुविधाओं और गन्ना भुगतान से जुड़े मामलों को प्राथमिकता मिलेगी।