मिशन शक्ति के तहत जेपी इंटर कॉलेज की 57 छात्राओं ने किया कप्तानगंज थाने का भ्रमण, पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से जाना

थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और पुलिस की जिम्मेदारियों के प्रति किया जागरूक

Daktimes News कप्तानगंज, कुशीनगर। मिशन शक्ति अभियान के तहत जेपी इंटरमीडिएट कॉलेज, कप्तानगंज की कुल 57 छात्राओं ने कप्तानगंज थाने का भ्रमण कर पुलिस की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। इस दौरान थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने छात्राओं को थाना परिसर का भ्रमण कराते हुए पुलिस की विभिन्न जिम्मेदारियों, कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।

छात्राओं को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने कहा कि समाज के विकास और समृद्धि में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करके ही देश एवं विश्व की प्रगति को गति दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में अनुशासन और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का प्रमुख दायित्व है, जिसमें महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक डॉ. चंदन कुमार गौड़ ने थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय एवं उनकी पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों की देश के निर्माण में अमूल्य भूमिका है। समाज से लैंगिक भेदभाव समाप्त कर समानता, सम्मान और आपसी समरसता की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। इसी सोच के माध्यम से एक सुरक्षित, सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है।

वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीराम प्रसाद ने मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि थाने के भ्रमण से छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिला है। साथ ही, उनके भीतर आत्मरक्षा, सुरक्षा और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता की भावना भी मजबूत हुई है।

थाने का भ्रमण करने वाली छात्राओं में प्रियान्सी मिश्रा, नाजिया खातून, संगम यादव, सकीना खातून, सहिबुन निशा, सिद्धि यादव, अदिति सिंह, आंचल शर्मा, परी सिंह, नेहा शर्मा, नेहा गुप्ता, कोमल गोंड, खुशी गौतम, पूजा साहनी, रिमझिम कुशवाहा, अंशिका यादव, खुशी शर्मा, माही कुशवाहा, रितु कुशवाहा, संजना पासवान, रागिनी और संजना साहनी सहित अन्य छात्राएं शामिल रहीं।