नासिर अराफात लारी ने बढ़ाया जिले का मान, यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन

डाक टाइम्स न्यूज कुशीनगर। नई दिल्ली स्थित डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित 49वीं यूपी स्टेट राइफल/पिस्टल शूटिंग चैंपियनशिप के 50 मीटर प्रोन एनआर (S-01) इवेंट में कुशीनगर जनपद के खड्डा नगर निवासी होनहार निशानेबाज़ नासिर अराफात लारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 450 अंक (3X) अर्जित किए और जिले का नाम रोशन किया। रिलेवाइज क्वालिफिकेशन परिणाम में सौरभ (शिमोजी 159 बटालियन) ने 563 अंक (17X) के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं अंजना वर्मा ने 479 अंक (1X) प्राप्त कर अपना स्थान बनाया। इस कड़े मुकाबले में नासिर अराफात ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। नासिर की इस उपलब्धि से उनके परिवार, कोच, मित्रों और पूरे कुशीनगर में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद नासिर ने जिस मेहनत और समर्पण के साथ राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपना प्रदर्शन किया है, वह जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। स्थानीय लोगों ने विश्वास जताया कि नासिर आने वाले समय में और अधिक मेहनत कर राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाएंगे तथा उत्तर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि प्रतिभा, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर बड़े से बड़े मंच पर सफलता हासिल की जा सकती है।