डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज (कुशीनगर):
पत्रकारिता के मूल्यों, जिम्मेदारियों और उसकी ताकत को लेकर गोजए/प्रेस क्लब की एक अहम बैठक सुदामा देवी कॉम्प्लेक्स स्थित प्रेस कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मनोज गुप्ता ने कहा कि पत्रकार को हर परिस्थिति में निडर रहना चाहिए, क्योंकि उसकी सबसे बड़ी ताकत उसकी कलम और उसकी लेखनी होती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी हाल में गलत खबरों से समझौता करना पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों के खिलाफ है। उन्होंने आगे कहा कि एक सच्चा पत्रकार समाज का आईना होता है, जो हर हाल में सच्चाई को सामने लाता है। पत्रकार ही वह माध्यम है जो आम जनता की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुंचाता है और समाज में हो रही अच्छाइयों व बुराइयों को उजागर करता है। इसलिए पत्रकारों को निष्पक्षता और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। मनोज गुप्ता ने यह भी स्पष्ट किया कि गोजए संगठन पीत पत्रकारिता का कड़ा विरोध करता है और इस तरह की प्रवृत्तियों के खिलाफ हमेशा संघर्ष करता रहेगा।बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी दिनेश यादव ने कहा कि संगठन का विस्तार तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही अन्य तहसीलों में भी इकाइयों का गठन किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकार उत्पीड़न की किसी भी घटना में संगठन हर पत्रकार के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। साथ ही उन्होंने पत्रकारों से अपने कार्यों के प्रति ईमानदारी और जिम्मेदारी बनाए रखने की अपील की, जिससे वे कई समस्याओं से बच सकते हैं। इस दौरान वरिष्ठ पत्रकार जयप्रकाश मधेशिया, अभिषेक पांडेय, संतोष चौधरी, बृजेश सिंह, मनोज अग्रहरि, दीनदयाल पांडेय, हरेकृष्ण मधेशिया समेत अनेक पत्रकार उपस्थित रहे। गोष्ठी का संचालन बेचू बीए ने किया।





