बोदरवार में दशहरा की पूर्व संध्या पर निकली भव्य शोभायात्रा, रामलीला में खर-दूषण वध का हुआ मंचन

डाक टाइम्स न्यूज कप्तानगंज/बोदरवार (कुशीनगर)। दशहरा मेला की पूर्व संध्या पर सोमवार को बोदरवार बाजार में परंपरागत भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष शामिल हुए। इस दौरान रामलीला मंडली के कलाकारों ने राम वन गमन प्रसंग के अंतर्गत खर-दूषण वध की लीला का सजीव मंचन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे गांव के सैकड़ों लोग पंचायत भवन परिसर में एकत्र हुए। यहां से शोभायात्रा के रूप में जुलूस मुख्य मार्ग से होते हुए मां सम्मे चौक पहुंचा। इसके बाद शोभायात्रा रामलीला मैदान पहुंची, जहां कलाकारों ने राम वन गमन प्रसंग का मंचन किया। खर-दूषण वध की लीला देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे और पूरे आयोजन में उत्साह का माहौल बना रहा।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान एवं मेला संयोजक राजकमल मद्धेशिया ने शोभायात्रा में शामिल सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से मंगलवार को आयोजित होने वाले दशहरा मेले में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने बताया कि मेले में अंतरजनपदीय दंगल का भी भव्य आयोजन किया गया है, जिसमें विभिन्न जनपदों के पहलवानों के बीच मुकाबले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।शोभायात्रा और रामलीला के दौरान राकेश मद्धेशिया, अरविंद कुमार, विनोद सिंह, रविंद्र प्रसाद, रवि, शिवेंद्र निगम, लालमोहन, अजय, भरत, कुंवर मनोज, दुर्गेश, श्रवण पटेल, सलाउद्दीन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और दर्शक मौजूद रहे। दशहरा मेले को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। परंपरागत आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों ने धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत की।